पौड़ी

पौड़ी में सड़क सुरक्षा को लेकर अभियान, संवेदनशील मार्गों पर गड्ढे भरे गए

पौड़ी। जनपद पौड़ी मुख्यालय में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत दुर्घटनाओं की दृष्टि से संवेदनशील मार्गों पर सड़कों में मौजूद गड्ढों को भरने का कार्य किया गया, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम किया जा सके।

यह अभियान संभागीय परिवहन अधिकारी विमल पांडे के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य गड्ढों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखते हुए आम जनमानस को सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध यातायात सुविधा उपलब्ध कराना रहा। संबंधित सभी विभागों के आपसी समन्वय से यह कार्य योजनाबद्ध, प्रभावी एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न किया गया।

संभागीय परिवहन अधिकारी विमल पांडे ने बताया कि सड़क सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता और जनहित की भावना से किया गया यह प्रयास भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियानों से न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।

अभियान में परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग पौड़ी तथा नगर पालिका परिषद पौड़ी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रमदान करते हुए सक्रिय सहभागिता निभाई। प्रशासन ने भविष्य में भी सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार के प्रयास जारी रखने की बात कही।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *