पौड़ी

सड़कों की बदहाली पर डीएम सख्त, 15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने का अल्टीमेटम

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद पौड़ी की सड़कों को 15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। बुधवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, राष्ट्रीय राजमार्ग और नगर निकायों के अधिकारियों से सड़कवार कार्ययोजना और प्रगति की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिस सड़क पर मरम्मत कार्य शुरू किया जाए, उसे एक छोर से पूरा करते हुए आगे बढ़ाया जाए, ताकि मार्ग पर कहीं भी काम अधूरा न रहे। उन्होंने पिछले दो वर्षों में किए गए सड़क कार्यों की भी समीक्षा की। हाल में बनी सड़कों के क्षतिग्रस्त होने और ठेकेदार की उत्तरदायित्व अवधि में होने पर संबंधित ठेकेदार से ही आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष जिन कार्यों के लिए अनुमति मिल चुकी है, उन्हें दोबारा पैच मरम्मत के कार्यों में शामिल न किया जाए। इससे एक ही कार्य की पुनरावृत्ति से बचा जा सकेगा। जिलाधिकारी ने रिहायशी क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार झाड़ी कटान और नालियों की सफाई कराने के निर्देश भी दिए, ताकि जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

हर दिन देनी होगी प्रगति रिपोर्ट

सड़क मरम्मत अभियान की नियमित निगरानी के लिए अधिकारियों को निर्धारित प्रारूप में प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने एडीएम को निर्देशित किया कि जिन सड़कों का गड्ढामुक्त कार्य पूरा हो जाए, उनका संबंधित उपजिलाधिकारियों से निरीक्षण कराया जाए। वहीं, 15 अक्टूबर के बाद संबंधित अधिशासी अभियंताओं को सड़कों के गड्ढामुक्त होने का प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा।

बैठक में लोनिवि प्रांतीय खंड के नोडल अधिकारी ने बताया कि सड़क मरम्मत का कार्य शुरू हो चुका है और निर्धारित अवधि में इसे पूरा कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने जनपद की अन्य सड़कों को भी अभियान में शामिल कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। प्रस्तावित अन्य कार्य 20 सितंबर से शुरू कराने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करने को कहा गया।

गड्ढों के साथ क्षतिग्रस्त पुश्तों की भी होगी मरम्मत

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अभियान केवल सड़क के गड्ढों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। यदि किसी मार्ग पर सड़क, पैच अथवा पुश्ता क्षतिग्रस्त है तो उसे औचित्यपूर्ण तरीके से चिन्हित कर मरम्मत कार्य में शामिल किया जाए। उन्होंने सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए।

नगर निकायों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क पैच मरम्मत और गड्ढामुक्त अभियान चलाने को कहा गया। सभी वार्डों की गलियों में गड्ढों और उखड़े हुए हिस्सों को चिन्हित कर उनकी मरम्मत के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए और कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

बैठक में एडीएम एफआर चौहान, अधिशासी अभियंता लोनिवि प्रांतीय खंड विवेक सेमवाल, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड रीना नेगी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका पौड़ी संजय कुमार, सहायक अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग खंड जीएस तोमर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *