श्रीनगर में बनेगा अत्याधुनिक मॉडल पशु चिकित्सालय, 377.61 लाख की परियोजना को मिली गति
पौड़ी। पशुपालकों को सुदृढ़, सुलभ एवं आधुनिक पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में जनपद पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल पशु चिकित्सालय का निर्माण किया जाएगा, जिससे पशुपालकों को अपने पशुओं के उपचार, देखभाल एवं आपातकालीन सेवाओं के लिए दूरस्थ शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

अपर निदेशक पशुपालन, गढ़वाल मंडल डॉ. भूपेंद्र जंगपांगी ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रीनगर में प्रस्तावित मॉडल पशु चिकित्सालय के लिए कुल स्वीकृत लागत 377.61 लाख रुपये है, जिसके सापेक्ष 113.28 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त कर दी गई है। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के उपरांत यह चिकित्सालय गढ़वाल मंडल का एक प्रमुख एवं आधुनिक पशु चिकित्सा केंद्र के रूप में विकसित होगा।
उन्होंने बताया कि मॉडल पशु चिकित्सालय में पशुओं के लिए डिजिटल एक्स-रे एवं अल्ट्रासाउंड सुविधा, आधुनिक पैथोलॉजी लैब जिसमें रक्त, यूरिन एवं बायोकेमिकल जांच की व्यवस्था, बड़े एवं छोटे पशुओं के लिए सुसज्जित ऑपरेशन थियेटर, ओपीडी एवं परामर्श सुविधा, इंडोर वार्ड एवं भर्ती उपचार व्यवस्था तथा संक्रामक रोगों के लिए विशेष उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही पशुपालकों के लिए चारा, पोषण एवं वैज्ञानिक पशुपालन से संबंधित परामर्श केंद्र की व्यवस्था भी की जाएगी। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की आवासीय सुविधा हेतु भवन निर्माण का भी प्रावधान किया गया है।
अपर निदेशक ने बताया कि इस अस्पताल के संचालन से पशुपालकों को गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित पशु स्वास्थ्य सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी, जिससे उपचार में होने वाली देरी रुकेगी और पशुधन की उत्पादकता में वृद्धि होगी। यह मॉडल पशु चिकित्सालय पशुपालकों के आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ पशुधन संरक्षण एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
