द्वारीखालपौड़ी

देवीखेत में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार शिविर आयोजित, 32 शिकायतों पर हुआ त्वरित निस्तारण

पौड़ी/द्वारीखाल। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत विकासखंड द्वारीखाल की न्याय पंचायत डाबर में स्थित अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज देवीखेत में विधायक रेनू बिष्ट की अध्यक्षता में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान कुल 32 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अधिकांश शिकायतें लोक निर्माण विभाग एवं पेयजल निगम से संबंधित रहीं।

मंगलवार को आयोजित शिविर में विधायक रेनू बिष्ट ने कहा कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं को उनके क्षेत्र में ही सुनकर उनका त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। बहुउद्देश्यीय शिविरों के माध्यम से शासन एवं प्रशासन सीधे जनता से संवाद स्थापित कर रहा है, जिससे समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण संभव हो पा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में इस प्रकार के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।

शिविर के नोडल अधिकारी एवं अधीक्षण अभियंता जल संस्थान प्रवीण सैनी ने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ है। शिविर में प्राप्त अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण हेतु प्रेषित किया गया है।

शिविर में आयुष विभाग द्वारा 39 लोगों को आयुर्वेदिक दवाइयां वितरित की गईं एवं परामर्श दिया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 23 लोगों को दवा वितरण एवं चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया गया। पशुपालन विभाग ने 18 लाभार्थियों को पशुओं की दवाइयां वितरित कर पशु चिकित्सीय परामर्श दिया। उद्योग विभाग द्वारा 12 लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई, जबकि 16 लोगों को बैंकर्स द्वारा वित्तीय परामर्श उपलब्ध कराया गया।

इसके अतिरिक्त बाल विकास, पशुपालन, स्वास्थ्य, उद्योग, बैंकर्स, कृषि, सहकारिता, सेवायोजन, डेयरी एवं विद्युत विभाग द्वारा विभागीय स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से स्थानीय जनता को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।

शिविर में जिला पंचायत सदस्य सुराड़ी अर्जुन सिंह, ग्राम प्रधान डाबर सुरेश ममगाईं, एसडीओ वन अनामिका सिंह, अधिशासी अभियंता लोनिवि लैंसडौन विवेक कुमार, दुगड्डा निर्भय सिंह, अधिशासी अभियंता सिंचाई अनिल राठौर, अधिशासी अभियंता जल निगम आशीष मिश्रा, जयपाल सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लाभार्थी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *