खिर्सू में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित, लोगों को मिला योजनाओं का लाभ
सूचना/पौड़ी/22 दिसंबर 2025। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में विकासखंड खिर्सू में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख अनिल भण्डारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर स्थानीय लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

शिविर में पशुपालन विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग एवं वन विभाग द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूह, ग्रामोत्थान परियोजना एवं एनआरएलएम के माध्यम से लगाए गए स्टॉलों पर स्थानीय उत्पादों की बिक्री भी की गई।
बहुउद्देशीय शिविर के दौरान दिव्यांगजनों को विशेष लाभ देते हुए 11 दिव्यांग प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही जरूरतमंद दिव्यांगजनों को 8 कान की मशीनें, 3 छड़ियां एवं 1 वॉकर भी उपलब्ध कराया गया।
खंड विकास अधिकारी अमित बिजल्वाण ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाया जा रहा है। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिलने से ग्रामीणों को काफी सुविधा प्राप्त हो रही है।
इस अवसर पर ज्येष्ठ उप प्रमुख नितिन रावत, सहायक खंड विकास अधिकारी विनोद रेवाड़ी, सहायक समाज कल्याण अधिकारी पंकज मैंदोली, ग्राम विकास अधिकारी कुंदन पुंडीर सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
