गुलदार के हमले में गंभीर रूप से घायल महिला को एयरलिफ्ट कर भेजा गया एम्स ऋषिकेश
पौड़ी/पोखड़ा। विकासखंड पोखड़ा के देवराड़ी तल्ली गांव में बुधवार को घास लेने गई 36 वर्षीय कंचन देवी पर अचानक गुलदार ने हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल कंचन देवी को ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पोखड़ा पहुंचाया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बिना विलंब किए उन्नत उपचार सुनिश्चित करने के लिए तेजी से कदम उठाए। हालात की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तुरंत शासन से एयर एम्बुलेंस उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उनकी सतत निगरानी और त्वरित कार्यवाही के चलते कुछ ही समय में एयर एम्बुलेंस सतपुली पहुंची, जहाँ से घायल महिला को एम्स ऋषिकेश एयरलिफ्ट किया गया। वर्तमान में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी चौबट्टाखाल रेखा आर्य ने स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और वन विभाग के साथ तालमेल बनाते हुए सक्रिय भूमिका निभाई।

घटना के बाद देवराड़ी तल्ली और आसपास के क्षेत्रों में वन विभाग की गश्त तेज कर दी गई है। ग्रामीणों को संवेदनशील क्षेत्रों में अकेले न जाने, समूह में रहने और सतर्कता बरतने के लिए जागरुक किया जा रहा है।
– सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
