आकांक्षी विकासखण्ड कार्यक्रम की प्रगति की केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने समीक्षा, स्वास्थ्य–शिक्षा व मूलभूत सेवाओं पर दिया विशेष जोर
पौड़ी/दुगड्डा। नीति आयोग, भारत सरकार के आकांक्षी विकासखण्ड कार्यक्रम को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा नियुक्त केंद्रीय प्रभारी अधिकारी अमित शर्मा (आईआरएएस), निदेशक (कार्मिक), लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय ने तीन दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान दुगड्डा विकासखण्ड में संचालित विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की।

अपने निरीक्षण कार्यक्रम के तहत उन्होंने पौखाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कठूड़बड़ा आंगनबाड़ी केंद्र तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुगड्डा का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के साथ उनकी बैठक में विकासखण्ड की प्रगति, चुनौतियों और सुधार की संभावनाओं पर चर्चा की गई। इसके बाद उन्होंने विकास भवन सभागार में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, सामाजिक विकास और मूलभूत अवसंरचना सहित कुल 39 प्रमुख संकेतकों की समीक्षा जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ की।
केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने स्वास्थ्य क्षेत्र में संस्थागत प्रसव बढ़ाने, एनक्यूएएस (राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक) प्रमाणन प्राप्त करने, कम वजन नवजात शिशुओं की संख्या कम करने, तथा उच्च रक्तचाप और मधुमेह की जांच को बढ़ाने के निर्देश दिए।
महिला एवं बाल विकास विभाग को उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में कुपोषित बच्चों पर विशेष ध्यान देने और सभी बच्चों को संतुलित पोषण आहार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने शिक्षा विभाग को दिव्यांगजन विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (CWSN) के लिए शिक्षकों का प्रशिक्षण सुनिश्चित करने तथा प्रस्तावित चार विद्यालय पुस्तकालयों के निर्माण/सुधार कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध रूप से पूर्ण करने को कहा।
भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) को तीन माह के भीतर विकासखण्ड की सभी ग्राम पंचायतों को भारत नेट कनेक्शन से जोड़ने के निर्देश दिए।
केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने ओडीएफ प्लस (खुले में शौच मुक्त प्लस) के तहत निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, मुख्य शिक्षाधिकारी नागेंद्र बर्तवाल, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई मुकेश दत्त, पीडी स्वजल दीपक रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
– सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
