पौड़ी

विश्व दिव्यांग दिवस पर पौड़ी में सम्मान समारोह आयोजित, दक्ष दिव्यांग कर्मचारी और स्वरोजगारियों को किया गया सम्मानित

पौड़ी। विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में जिला चिकित्सालय पौड़ी में सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक राजकुमार पोरी सहित अन्य अतिथियों ने विभिन्न विभागों में कार्यरत दक्ष दिव्यांग कर्मचारियों एवं स्वरोजगारियों को सम्मानित किया।

समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य स्तरीय पुरस्कार हेतु चयनित दो दक्ष दिव्यांग कर्मचारियों—शिक्षा विभाग की वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी रक्षा नेगी तथा पशुपालन विभाग के पशुधन प्रसार अधिकारी मनीष रावत—को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही तीन दक्ष दिव्यांग स्वरोजगारियों—सूरज कुमार (सीएससी सेवाएँ), दीपक (बकरी पालन) और सुभम जोशी (फैब्रिकेशन कार्य)—को 8-8 हजार रुपये की धनराशि, प्रमाण पत्र, प्रशस्ति पत्र और शॉल प्रदान किए गए। कार्यक्रम में 10 दिव्यांगजनों को कृत्रिम उपकरण वितरित किए गए तथा 9 दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए।

विधायक राजकुमार पोरी ने संबोधन में कहा कि दिव्यांगजन समाज की महत्वपूर्ण शक्ति हैं और उनकी क्षमताएँ किसी भी प्रकार से कम नहीं आँकी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाएँ दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन की ओर अग्रसर करने में सहायक हैं। उन्होंने सार्वभौमिक पहुँच, उपकरण उपलब्धता, तकनीकी सहायता और प्रशिक्षण सुविधाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता बताई।

नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी ने कहा कि विश्व दिव्यांग दिवस समाज में दिव्यांगजनों के सम्मान, अधिकारों और गरिमा को सशक्त रूप से स्थापित करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन द्वारा संचालित सम्मान और प्रोत्साहन कार्यक्रम दिव्यांगजनों को मुख्यधारा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नाजिश कलीम ने कहा कि दिव्यांगजन हमारे समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उनके अधिकारों की रक्षा तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना प्राधिकरण की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि पेंशन, प्रमाणपत्र, क्षतिपूर्ति, बैंक-बीमा, सरकारी योजनाओं, विधिक परामर्श सहित सभी विधिक सेवाएँ दिव्यांगजनों को निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिवमोहन शुक्ला, नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी, अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी अनिल कुमार सेमवाल, सहायक समाज कल्याण अधिकारी राहुल राणा, खिर्सू के पंकज मैंदोली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *