कोटद्वारपौड़ी

कोटद्वार की समस्याओं के समाधान को विधानसभा अध्यक्षा ऋतु खंडूरी ने की जनसुनवाई बैठक

कोटद्वार। शहर में ट्रैफिक दबाव, अतिक्रमण, पार्किंग, पेयजल–सीवर और अन्य स्थानीय समस्याओं के समाधान हेतु विधानसभा अध्यक्षा ऋतु खंडूरी की अध्यक्षता में भूमि संरक्षण कार्यालय, कोटद्वार में एक रचनात्मक एवं समस्या–समाधान केंद्रित जनसुनवाई बैठक आयोजित की गई। बैठक का केंद्र बिंदु सहयोग, समन्वय और व्यावहारिक समाधान रहा।

अध्यक्षा ने कहा कि शहर की समस्याओं का प्रभावी समाधान तभी संभव है जब संबंधित विभाग जिम्मेदारी और आपसी समन्वय के साथ कार्यों में तेजी लाएँ। उन्होंने सभी विभागों को नागरिकों की शिकायतों पर संवेदनशीलता रखते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नगर निगम ने रखी शहर की प्रमुख चुनौतियाँ

बैठक में नगर निगम महापौर शैलेन्द्र रावत ने आवासीय भवनों को जल संयोजन देने में आ रही दिक्कतों, आवारा पशुओं की समस्या और बंदरों के उत्पात से शहरवासियों को हो रही परेशानियों की जानकारी दी। इस पर विधानसभा अध्यक्षा ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि छोटी समस्याएँ भी नागरिकों के लिए बड़ी असुविधा बन सकती हैं, इसलिए प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।

व्यापारियों की चिंताओं पर सकारात्मक निर्देश

व्यापार संघ ने बढ़ते वाहनों, सीमित पार्किंग, चालानी कार्रवाई और सड़क किनारे ठेलियों से प्रभावित व्यवस्था जैसे मुद्दों को उठाया। अध्यक्षा ने नगर निगम और पुलिस प्रशासन को संतुलित एवं व्यवहारिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि—

लाइसेंसिंग व्यवस्था में व्यापार मंडल को शामिल किया जाए

मुख्य मार्गों पर पार्किंग प्रबंधन सुव्यवस्थित किया जाए

शहर की आर्थिक गतिविधियाँ बाधित न हों, इसका विशेष ध्यान रखा जाए

स्कूलों के बाहर जाम और ओवरलोडिंग पर सख्ती

अध्यक्षा ने स्कूलों के बाहर लगने वाले जाम को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि—

स्कूल बसें एवं वाहन परिसर के भीतर ही खड़े किए जाएँ

ओवरलोडिंग पर सख्त निगरानी रखी जाए

इस संबंध में परिवहन और पुलिस विभाग को सतर्कता बढ़ाने के निर्देश जारी किए गए।

पार्षदों द्वारा रखी गई स्थानीय समस्याएँ

पार्षदों ने देवीरोड–कौड़िया मार्ग पर भारी वाहनों से हो रहे नुकसान, नालों में ब्लॉकेज, एडीबी की धीमी प्रगति, सड़कों की दयनीय स्थिति, सिंचाई गूलों के बंद होने, बिजली लाइनों की समस्या और राशन कार्ड अपडेट जैसे अनेक मुद्दे उठाए।

अध्यक्षा ने विभागवार समाधान बताते हुए कहा कि—

“प्रत्येक विभाग यह सुनिश्चित करे कि उसका कार्य किसी अन्य विभाग की प्रगति में बाधा न बने।”

उन्होंने नालों और पाइपलाइन से जुड़े मुद्दों में स्थायी एवं तकनीकी तौर पर टिकाऊ समाधान पर बल दिया।

लाभार्थियों की समस्याओं पर त्वरित निर्देश

प्रधानमंत्री आवास योजना की लाभार्थी रजनी जुयाल के मामले में अध्यक्षा ने निःशुल्क विद्युत संयोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

शहर में सूअर पालन, ओवरलोड खनन वाहन, ध्वनि प्रदूषण और कर विभाग संबंधी शिकायतों पर जिलाधिकारी को पृथक समीक्षा कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

अतिक्रमण हटाने को संयुक्त टीम करेगी कार्यवाही

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि सभी विभाग निर्देशों के अनुरूप कार्य करेंगे।

उन्होंने बताया कि—

“मुख्य सड़कों से अतिक्रमण हटाने हेतु संयुक्त टीम आगामी पखवाड़े में कार्य प्रारंभ कर देगी।”

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि कोटद्वार की यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में यह बैठक एक सकारात्मक प्रयास है।

बैठक में प्रशासनिक समन्वय को विशेष रूप से रेखांकित किया गया, जहाँ विभिन्न विभागों ने शहर की समस्याओं को संयुक्त दृष्टि से देखते हुए सामूहिक समाधान पर सहमति व्यक्त की।

नगर निगम, पुलिस, जल संस्थान, एडीबी सहित सभी विभागों ने स्पष्ट किया कि—

“कोटद्वार की चुनौतियाँ तभी तेजी से हल होंगी जब सभी विभाग एक-दूसरे के साथ तालमेल में कार्य करेंगे।”

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, प्रभागीय वनाधिकारी जीवन मोहन दगाड़े, नगर आयुक्त प्यारे लाल शाह, उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य, व्यापार संघ अध्यक्ष पंकज भाटिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *