पौड़ी

संविधान दिवस पर जिला कार्यालय एवं पीएम श्री बालिका इंटर कॉलेज में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित

पौड़ी। संविधान दिवस के अवसर पर जिला कार्यालय परिसर में एक सम्मानपूर्ण एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ कर शपथ दिलाई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संविधान निर्माताओं के महान योगदान को स्मरण करना और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रशासनिक प्रतिबद्धता को मजबूत करना रहा।

शपथ ग्रहण उपरांत जिलाधिकारी ने संविधान की महत्ता और उसकी मूल भावना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान न केवल शासन व्यवस्था की आधार शिला है, बल्कि विविधता, एकता, समानता और न्याय के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक भी है। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने तथा शासन की योजनाओं को पारदर्शी एवं जनहितकारी रूप में जनता तक पहुंचाने का आग्रह किया।

उन्होंने यह भी कहा कि संविधान में वर्णित मूल कर्तव्यों का पालन हर नागरिक की जिम्मेदारी है। सभी कर्मचारियों को अपने दैनिक कार्यों में नैतिक मूल्यों, संवेदनशीलता और जवाबदेही को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।

इसी क्रम में ब्लॉक प्रमुख पौड़ी अस्मिता नेगी एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी नागेंद्र बर्तवाल की उपस्थिति में पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, पौड़ी में भी संविधान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से की गई।

छात्र-छात्राओं को संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी ने सभी उपस्थित जनों को संविधान की शपथ दिलाते हुए देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प दिलाया।

मुख्य शिक्षा अधिकारी नागेंद्र बर्तवाल ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। 1949 में इसी दिन संविधान अंगीकृत किया गया था और 26 जनवरी 1950 को यह प्रभावी हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग एवं सम्मानपूर्ण बने रहने का आह्वान किया।

कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल, मुख्य शिक्षाधिकारी, तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। वहीं बालिका इंटर कॉलेज के कार्यक्रम में प्रधानाचार्य संगीता वाल्मीकि, शिक्षिका ममता काला, आरती शाह, कुसुम बड़थ्वाल सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *