पौड़ी

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने श्रीनगर में कृषि, उद्यान, ग्राम्य विकास व सैनिक कल्याण विभागों की समीक्षा की, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश

श्रीनगर (गढ़वाल)। एचएनबी परिसर सभागार, श्रीनगर में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कृषि, उद्यान, ग्राम्य विकास एवं सैनिक कल्याण विभागों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक की शुरुआत में ही मंत्री ने स्पष्ट कहा कि “जनपद का समग्र विकास तथा योजनाओं का लाभ सही पात्र तक पहुँचना ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।” उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु समन्वित प्रयास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंत्री जोशी ने परियोजना निदेशक, डीआरडीए को निर्देशित किया कि दीनदयाल उपाध्याय कौशल विकास कार्यक्रम के तहत अधिक युवाओं को स्वरोजगार आधारित प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार अवसरों में वृद्धि हो।

उन्होंने कृषि और उद्यान विभागों को एकीकृत क्लस्टर फार्मिंग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि कीवी, सेब और फ्लोरीकल्चर में अपार संभावनाएँ हैं।

साथ ही जिला विकास अधिकारी को जिले में ड्रैगन फ्रूट की खेती की संभावनाओं पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा।

मंत्री जोशी ने कहा कि योजनाओं की पर्याप्त जानकारी न होने से कई पात्र लोग लाभ से वंचित रह जाते हैं।

उन्होंने जिला विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि न्याय पंचायत स्तर पर कार्यशालाएँ आयोजित कर योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने के सबसे प्रभावी माध्यम हैं।

पीएमजीएसवाई अधिकारियों को निर्देशित करते हुए मंत्री ने कोटद्वार–दुगड्डा मार्ग (आमसौड़ क्षेत्र) में सड़क सुधार कार्य को शीघ्र प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने को कहा।

अतिरिक्त बजट की आवश्यकता वाले प्रस्तावों को तुरंत शासन को भेजने के भी निर्देश दिए।

मंत्री ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि शहीदों के सम्मान में परिसंपत्तियों के नामकरण से जुड़े लंबित प्रकरण यदि किसी तकनीकी/प्रशासनिक कारण से अटके हों तो उन्हें सीधे उनके समक्ष प्रस्तुत किया जाए, ताकि आवश्यक निर्णय शीघ्र लिया जा सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुनवन्त, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, जिला उद्यान अधिकारी राजेश तिवारी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी (नि.) मेजर करन रावत, जिला परियोजना प्रबंधक कुलदीप बिष्ट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *