पौड़ी

जिला उद्योग केंद्र कोटद्वार का 21 दिवसीय ई–कॉमर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न

कोटद्वार। जिला उद्योग केंद्र कोटद्वार द्वारा संचालित 21 दिवसीय ई–कॉमर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हो गया। कार्यक्रम में कुल 28 युवाओं ने प्रतिभाग कर ई–कॉमर्स से जुड़े विभिन्न तकनीकी कौशलों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ग्राफिक डिजाइन, डिजिटल मार्केटिंग, वीडियो एडिटिंग और ई–कॉमर्स उद्यमिता से संबंधित उपयोगी मॉड्यूल सिखाए गए। समापन अवसर पर प्रतिभागियों को उद्योग आधारित प्रोजेक्ट कार्य आवंटित किए गए और सभी को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।

समापन सत्र में मुख्य अतिथि नरसिंह कर्णवाल ने कहा कि डिजिटल युग में ई–कॉमर्स तेजी से उभरता हुआ क्षेत्र है और इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को रोजगार एवं स्वरोज़गार के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने कोटद्वार में आयोजित इस प्रशिक्षण को युवाओं के भविष्य निर्माण में मील का पत्थर बताया।

महाप्रबंधक उद्योग सोमनाथ गर्ग ने कहा कि ई–कॉमर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम अपनी तरह का संभवतः उत्तराखंड का पहला विस्तृत कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य युवाओं को डिजिटल बाजार की बढ़ती मांग के अनुरूप दक्ष बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों का उत्साह और सीखने का समर्पण इस कार्यक्रम की सफलता का परिचायक है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम को मास्टर ट्रेनर विवेक जदली और विभिन्न विभागों के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।

इस अवसर पर प्रबंधक उद्योग उपासना सिंह, जीएसटी विभाग के सहायक आयुक्त मितेश्वर आनंद, उद्योग एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील गुप्ता, सचिव विवेक चौहान समेत अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

– सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *