पौड़ी

शीतलहर और बर्फबारी से निपटने को जिला प्रशासन अलर्ट, डीएम ने अलाव–कंबल वितरण से लेकर सड़कों की सुरक्षा तक दिए कड़े निर्देश

पौड़ी। शीत ऋतु की गंभीर चुनौतियों को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ मैदान में उतर आया है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने पाला, शीतलहरी और संभावित बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित न हो, इसके लिए व्यापक तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पाला गिरने से दुर्घटना की आशंका और बर्फबारी के दौरान मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

अलाव एवं कंबल वितरण की व्यवस्था सुदृढ़

जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों और नगर निकायों को असहाय एवं निराश्रित व्यक्तियों के लिए बस अड्डों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था करने तथा निःशुल्क कंबल वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि अलाव और कंबल वितरण की जियोटैग फोटोग्राफ्स प्रतिदिन जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को भेजी जाएँ।

नगर निकाय क्षेत्रों में स्थायी एवं अस्थायी रैन बसेरों में पेयजल, बिजली, बिस्तर, शौचालय और स्वच्छता की पूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करने व प्रत्येक निकाय में नोडल अधिकारी तैनात करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

खुले में रात्रि प्रवास पर रोक

जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों और नगर निकायों को सख्त निर्देश दिए कि शीतलहरी के दौरान कोई भी व्यक्ति खुले स्थानों पर रात न बिताए।

जिला पूर्ति अधिकारी को दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में दिसंबर के प्रथम सप्ताह तक खाद्यान्न और ईंधन की पर्याप्त आपूर्ति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा।

पेयजल, स्वास्थ्य और दवाइयों का विशेष प्रबंध

जल संस्थान को निर्देशित किया गया है कि पेयजल आपूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक योजना तैयार रखें।

मुख्य चिकित्साधिकारी को स्वास्थ्य केंद्रों व चिकित्सालयों में जीवन रक्षक दवाओं का पर्याप्त भंडारण रखने तथा आपातकालीन सेवाओं हेतु तैनात चिकित्सकों की अद्यतन सूची नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

सड़कों पर विशेष सतर्कता

लोक निर्माण विभाग को पाला प्रभावित मार्गों पर नियमित रूप से चूना व नमक का छिड़काव करने और बर्फबारी के दौरान बंद मार्गों को सुचारू रखने के लिए पर्याप्त संख्या में जेसीबी मशीनें तैनात करने के निर्देश दिए गए।

संबंधित अभियंता एवं ऑपरेटरों की सूची भी नियंत्रण कक्ष में उपलब्ध कराने को कहा गया है।

पर्यटक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था

बर्फबारी के दौरान पर्यटक स्थलों में फंसे यात्रियों की सहायता के लिए जिला पर्यटन अधिकारी व उपजिलाधिकारियों को उचित व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

होटल, होमस्टे और पर्यटक आवास संचालकों को अतिरिक्त किराया न लेने तथा अपने यहाँ दर सूची प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं।

निराश्रित गौवंश के लिए व्यवस्था

नगर निकायों को अपने-अपने क्षेत्रों में निराश्रित गौवंश हेतु गौशालाओं में सुरक्षित आश्रय, अलाव और चारे की व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने को कहा गया है।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *