पौड़ी

डीएम स्वाति भदौरिया के नेतृत्व में पौड़ी में हुआ भव्य फुटबॉल महोत्सव

पौड़ी। उत्तराखंड के पर्वतीय जनपद पौड़ी गढ़वाल में पहली बार आयोजित राज्य स्तरीय आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता 2025 ने एक नया इतिहास रच दिया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के नेतृत्व में आयोजित यह चार दिवसीय भव्य आयोजन न केवल खेल कौशल का मंच बना, बल्कि समुदाय को जोड़ने और फुटबॉल को पर्वतीय क्षेत्रों में प्रोत्साहित करने का उत्कृष्ट प्रयास भी साबित हुआ।

कंडोलिया मैदान में ढोल-नगाड़ों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ प्रदेश की 14 टीमों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। मैदान में बच्चों, युवाओं और बुज़ुर्गों तक की भारी भागीदारी ने इस आयोजन को खेल महोत्सव का रूप दे दिया। उद्घाटन अवसर पर स्कूलों के बच्चों एवं स्थानीय सांस्कृतिक दलों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीतों और लोकनृत्यों ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में जिला प्रशासन, खेल विभाग, जल संस्थान, स्वास्थ्य, विद्युत, समाज कल्याण एवं शिक्षा विभाग सहित समाज के विभिन्न वर्गों का उल्लेखनीय सहयोग रहा। जिलाधिकारी के निर्देश पर राष्ट्रीय खिलाड़ियों को भी आमंत्रित किया गया, ताकि युवा खिलाड़ी उनसे तकनीकी और खेल भावना सीख सकें। राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी मनीष मैठाणी ने पौड़ी में इस स्तर पर हुए आयोजन को प्रेरणादायक बताया।

फाइनल मुकाबले में हरिद्वार ने चंपावत को 1–0 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। प्रतियोगिता के दौरान प्रशासन इलेवन और प्रेस इलेवन के बीच खेले गए मैत्री मैच ने दर्शकों का विशेष मनोरंजन किया।

जिलाधिकारी ने इस अवसर पर खिलाड़ियों और दर्शकों को नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाई और कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, ऊर्जा और सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि आगे पौड़ी को खेलों का केंद्र बनाने हेतु वार्षिक अंतरजनपदीय फुटबॉल प्रतियोगिता, स्पोर्ट्स कैंप और प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है।

पौड़ी ने एक बार फिर सिद्ध किया कि पहाड़ों में सिर्फ प्राकृतिक सौंदर्य ही नहीं, बल्कि अदम्य जज़्बा और सामूहिक संकल्प भी बसता है। यह आयोजन जिला प्रशासन, समाज और खिलाड़ियों के समन्वय की एक मिसाल साबित हुआ।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *