सनातन हिन्दू एकता नौ दिवसीय पदयात्रा वृंदावन पहुंची
हिन्दुत्व जागरण के संकल्प के साथ यात्रा का भव्य आयोजन
वृंदावन। हिन्दुत्व के जागरण और सनातन संस्कृति की गौरव-परंपरा के संरक्षण के उद्देश्य से निकाली गई सनातन हिन्दू एकता नौ दिवसीय पदयात्रा आज वृंदावन पहुंची। यात्रा का शुभारंभ बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर आचार्य श्री धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री जी द्वारा शंखनाद के साथ किया गया, जिसके बाद हजारों श्रद्धालु पदयात्रा में शामिल हुए।

कंट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के अनुसार यात्रा के वृंदावन आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर गीता मनीषी स्वामी श्री ज्ञानानंद जी, बद्रीनाथ वाले परवाणी बाबा जी महाराज, श्री पुण्डरीक गोस्वामी जी, सुश्री जया किशोरी जी, तथा ब्रजभूमि की अनेक प्रतिष्ठित विभूतियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
यात्रा के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए संतों ने कहा कि यह पदयात्रा सनातन की गौरव–गरिमा, राष्ट्रोदय और सामाजिक एकता का संदेश लिए हुए है।
स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने इसे “पुनर्जागरण की यात्रा” बताते हुए कहा कि—
“सनातन की यात्रा सबकी यात्रा है, सबको साथ लेकर चलने की यात्रा है। यह ‘जियो और जीने दो’, ‘जिंदा रहो और जिंदा रहने दो’ का संदेश देने वाली यात्रा है।”
यात्रा के दौरान आध्यात्मिक प्रवचन, भक्ति-संगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुति तथा सामाजिक सद्भाव के संदेश के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पदयात्रा आगामी दिनों में विभिन्न स्थलों से होते हुए पुनः समापन स्थल की ओर अग्रसर होगी।
