ूंज, जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया ने किया स्मरणोत्सव का नेतृत्व
पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में आज वन्दे मातरम् राष्ट्रीय गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्मरणोत्सव कार्यक्रमों का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत माननीय प्रधानमंत्री द्वारा वर्ष भर चलने वाले वन्दे मातरम् स्मरणोत्सव का वर्चुअल उद्घाटन किया गया, जिसके उपरांत पूरे जनपद में एक साथ “वन्दे मातरम्” का सामूहिक गायन किया गया।

जिला सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने की। उन्होंने कहा कि “वन्दे मातरम्” केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह हमारी राष्ट्रीय अस्मिता, एकता और स्वतंत्रता का प्रतीक है। इस गीत ने देशवासियों में स्वाभिमान और राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत किया, जो आज भी हमें एक सूत्र में बाँधता है।
जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से इस स्मरणोत्सव को राष्ट्रभक्ति और गर्व के उत्सव के रूप में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वन्दे मातरम् राष्ट्र के प्रति समर्पण, अनुशासन और एकजुटता का प्रतीक है, जिसकी भावना को हमें अपने आचरण और कार्यों में जीवित रखना चाहिए ताकि राष्ट्रनिर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका सार्थक हो सके।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत “वन्दे मातरम्” का गायन किया, जिससे पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से गुंजायमान हो उठा।
इसी क्रम में विकास भवन सभागार पौड़ी में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिल्ली से प्रसारित राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री जी का संदेश सुना। प्रधानमंत्री ने अपने उद्बोधन में वन्दे मातरम् को राष्ट्र की एकता, अखंडता और स्वाभिमान का प्रतीक बताते हुए सभी नागरिकों से इस गौरवपूर्ण भावना को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय ने कहा कि “वन्दे मातरम्” हमारी आत्मा, संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रप्रेम तभी सार्थक होगा जब हम अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें और विकास के प्रत्येक कार्य को राष्ट्रसेवा के रूप में अपनाएँ।
जनपद के सभी विभागों, तहसीलों, विकासखंडों एवं शैक्षिक संस्थानों में भी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने “वन्दे मातरम्” गीत के सामूहिक गायन में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर ने जनपद में राष्ट्रीय एकता, गौरव और सांस्कृतिक चेतना का सशक्त संदेश प्रसारित किया, जिससे पूरा पौड़ी जनपद “वन्दे मातरम्” के स्वर में गुंजायमान हो उठा।
जिला सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल, मुख्य शिक्षाधिकारी नागेंद्र बर्तवाल, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर करन सिंह रावत सहित समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
