द्वारीखाल

उत्तिण्डा में रामलीला का शुभारंभ, श्रवण कुमार की लीला ने दर्शकों को किया भावविभोर

ग्राम पंचायत प्रधान शिवानी बलूनी ने किया शुभारंभ, दर्शकों ने श्रवण लीला और कैलाश लीला का उठाया आनंद

द्वारीखाल। ग्राम उत्तिण्डा में शनिवार रात्रि से रामलीला का शुभारम्भ भव्य रूप से किया गया। ग्राम पंचायत उत्तिण्डा की प्रधान शिवानी बलूनी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रथम दिवस की लीला का उद्घाटन किया। वहीं, ग्राम निवासी सुनील कुमार पुत्र वेदप्रकाश ने रिबन काटकर रामलीला मंचन का शुभारम्भ किया।

प्रथम दिवस मंचित श्रवण लीला एवं कैलाश लीला को दर्शकों ने खूब सराहा। लीला में श्रवण कुमार की भूमिका निभा रहे रोहित कुमार ने पहली बार मंच पर अभिनय किया, लेकिन उनके दमदार प्रदर्शन ने सभी का दिल जीत लिया। राजा दशरथ की भूमिका चक्रधर प्रसाद बलूनी, रावण की भूमिका सुरेश चंद्र बलूनी, कुंभकरण की भूमिका हर्ष्मोहन बलूनी, विभीषण की भूमिका हरिसिंह, ब्रह्मा की भूमिका नीरज बलूनी, तथा नारद की भूमिका राजेश जुगरान ने निभाई।

कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. मनीष जुगरान ने किया, जबकि मनीष पंवार एवं उनके साथियों ने हारमोनियम और ढोलक की संगत से संगीत प्रस्तुति दी।

ध्वनि व्यवस्था महादेव साउंड सतपुली द्वारा की गई, जिसने मंचन की शोभा में चार चांद लगा दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *