आपदा प्रभावित सैंजी गांव पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी, दीपावली पर जताई संवेदनशीलता
पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के मार्गदर्शन में, अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल के नेतृत्व में जिला प्रशासन की एक टीम गत दिवस आपदा प्रभावित सैंजी गांव पहुंची। प्रशासनिक दल ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर सैंजी में रह रहे प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और दीपावली के अवसर पर उन्हें शुभकामनाएं एवं भेंट प्रदान कीं।

ज्ञात हो कि आपदा के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं सैंजी पहुंचे थे और प्रभावित परिवारों से भेंट कर हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया था। उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए जिला प्रशासन लगातार राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से संचालित कर रहा है। आवास, सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े राहत कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है।
दीपावली के शुभ अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों का सैंजी आगमन ग्रामीणों के लिए आशा और आत्मीयता का प्रतीक बना। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन की इस संवेदनशील पहल के लिए आभार जताया।
ग्राम प्रधान सैंजी रेखा देवी ने कहा कि “त्योहार के दिन अपनी दीपावली छोड़कर जब प्रशासन के अधिकारी हमारे बीच पहुंचे, तो यह हमारे लिए केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आत्मीयता और संवेदनशीलता का प्रतीक था। आपदा के बाद जब जीवन की डोर कमजोर पड़ती है, तब ऐसे अवसरों पर प्रशासन का साथ नई आशा का संचार करता है।” उन्होंने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का इस मानवीय सहयोग के लिए हार्दिक धन्यवाद दिया।
अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल ने कहा कि प्राकृतिक आपदाएं जीवन का हिस्सा हैं, किंतु इन्हीं परिस्थितियों में आगे बढ़ना ही सच्चे जीवन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल राहत देना नहीं, बल्कि प्रभावितों को पुनः आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रशासन गांव में उपयुक्त सरकारी भूमि के चिन्हीकरण की प्रक्रिया में है, ताकि विस्थापन और पुनर्वास की कार्यवाही संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ पूरी की जा सके।
इस अवसर पर तहसीलदार दीवान सिंह राणा, कानूनगो प्रताप सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुरेंद्र नौटियाल सहित अनेक स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्कविभाग, पौड़ी गढ़वाल
