जिलाधिकारी के निर्देश पर दीपावली से पूर्व बाजारों में संयुक्त निरीक्षण, आतिशबाज़ी दुकानों की सुरक्षा व्यवस्थाएं परखी गईं
पौड़ी। प्रकाश पर्व दीपावली पर पटाखों की आतिशबाज़ी से संभावित खतरों की रोकथाम हेतु जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के क्रम में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों ने जनपद के विभिन्न बाजारों का निरीक्षण किया।

शनिवार को धनतेरस के दिन राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने जनपदभर के स्थानीय बाजारों में पहुंचकर आतिशबाज़ी की बिक्री, भंडारण और सुरक्षा मानकों की गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों ने दुकानों के लाइसेंस, भंडारण की मात्रा तथा अग्निशमन यंत्रों जैसे सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता की जांच की।
निरीक्षण के दौरान सभी विक्रेताओं को यह कड़ी हिदायत दी गई कि वे निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पटाखों के अनुचित भंडारण या अवैध बिक्री की स्थिति में संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि दीपावली पर्व के दौरान किसी भी अप्रिय घटना या दुर्घटना को रोकने के लिए पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त निगरानी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने सभी विक्रेताओं और आम नागरिकों से अपील की कि वे जिला प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित और पर्यावरण मित्र दीपावली मनाएं।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
