पौड़ी

राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में बालिका छात्रावास निर्माण कार्य का शिलान्यास

श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल)। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में बालिका छात्रावास के निर्माण कार्य का शिलान्यास गुरुवार को चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत द्वारा किया गया। यह परियोजना राज्य योजना वर्ष 2024-25 के अंतर्गत स्वीकृत की गई है, जिसकी कुल लागत 701.65 लाख रुपये है।

शिलान्यास कार्यक्रम के अवसर पर मंत्री डॉ. रावत ने कहा कि यह छात्रावास दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ और आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवास उपलब्ध कराएगा। इससे छात्राओं को बेहतर शिक्षण वातावरण प्राप्त होगा और महिला शिक्षा को नई दिशा एवं गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए सतत प्रयासरत है। साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण हेतु ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छात्रावास का निर्माण मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा। इससे छात्राओं को आवास संबंधी कठिनाइयों से बड़ी राहत मिलेगी।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, चिकित्सकगण, कॉलेज प्रशासन एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *