राजकीय इंटर कॉलेज गंगा भोगपुर मल्ला में पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
यमकेश्वर। आठवें राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज, गंगा भोगपुर मल्ला में “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” विषय पर पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग एवं बाल विकास परियोजना यमकेश्वर के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने कहा कि नारी और शिशु के स्वास्थ्य की समुचित देखभाल से ही सशक्त परिवार और सशक्त समाज की नींव मजबूत हो सकती है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपने घरों के साथ-साथ समुदाय में भी पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री की “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” की परिकल्पना को सराहते हुए कहा कि यह अब जमीनी स्तर पर साकार हो रही है।
विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य बचन सिंह बिष्ट ने महिला आयोग और बाल विकास विभाग के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य और पोषण के प्रति नई चेतना जगाने में अत्यंत प्रभावी हैं।
कार्यक्रम के दौरान विविध गतिविधियाँ आयोजित की गईं। दो महिलाओं को महालक्ष्मी किट, चार शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार, तथा चार गर्भवती महिलाओं की गोद भराई संपन्न की गई। इसके अलावा नौ कुपोषित बच्चों को पोषण किट और सात किशोरियों को किशोरी किट वितरित की गई।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान बबिता देवी ने महिला आयोग की अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया, सुपरवाइजर रेखा नेगी ने अतिथियों का स्वागत किया तथा स्वास्थ्य विभाग से डॉ. आफरीन ने महिलाओं को स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जानकारी दी।
बाल विकास परियोजना अधिकारी अंजू डबराल गौड़ ने बताया कि 17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक यमकेश्वर क्षेत्र के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण माह के तहत रैलियाँ, प्रतियोगिताएँ और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में किमसार, घोरगड्डी, बुकण्डी, गंगा भोगपुर मल्ला-तल्ला और स्वर्गाश्रम क्षेत्र की लगभग 70 आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियाँ शामिल हुईं।
इस अवसर पर स्थानीय नागरिक एवं महिला समूह की सदस्याएँ भी उपस्थित रहीं।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
