पौड़ी

त्योहारों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु सघन निरीक्षण अभियान

पौड़ी। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशों के अनुपालन में दीपावली एवं अन्य आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु सघन निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान चलाया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा कोटद्वार क्षेत्र के निम्बू चौड़, दुर्गापुरी, किशनपुरी, पदमपुर, मोटाढ़ाक आदि क्षेत्रों में निरीक्षण कर कुल 13 खाद्य नमूने एकत्र किए गए। लिए गए नमूनों में कलाकंद, मिल्क केक, बालूशाही, छेना, सोहन पापड़ी, बेसन लड्डू, आटा लड्डू, मैसूर पाक, देसी घी, नारियल बर्फी, चाय पत्ती एवं बिस्किट जैसे खाद्य पदार्थ शामिल हैं।

निरीक्षण के दौरान व्यापारियों को परिसर में साफ-सफाई एवं व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, क्रय सामग्री के पक्के बिल लेने एवं देने, तथा तिथि बाह्य (Expiry) एवं मिथ्या छाप उत्पादों के विक्रय से परहेज़ करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी व्यापारियों से त्योहारों के दौरान उच्च गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों के विक्रय की अपील की गई।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप मिश्रा ने बताया कि लिए गए सभी नमूने खाद्य विश्लेषण शाला को भेजे जा रहे हैं तथा प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान जनहित में यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

इसी क्रम में पौड़ी क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रचना लाल द्वारा मिठाई, नमकीन एवं तेल के तीन नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला को भेजे गए हैं।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *