दीपावली पर मिलावटी खाद्य पदार्थों पर कसा शिकंजा
खाद्य सुरक्षा टीम ने पौड़ी, श्रीनगर एवं लक्ष्मण झूला क्षेत्रों में किया निरीक्षण व सैंपलिंग
पौड़ी। दीपावली पर्व के अवसर पर उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया।

मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम हेतु चलाए गए इस सघन निरीक्षण अभियान के दौरान पौड़ी, श्रीनगर एवं लक्ष्मण झूला क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं सैंपलिंग की कार्यवाही की गई।
अभियान की अगुवाई सहायक आयुक्त (खाद्य) पी.सी. जोशी ने की। इस दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप मिश्रा (कोटद्वार) तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी रचना लाल (पौड़ी) की टीम ने खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए मिठाई, नमकीन, तेल, घी आदि उत्पादों की गुणवत्ता की जांच की।
निरीक्षण में जहां आवश्यक सुधार की आवश्यकता पाई गई, वहां खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत सुधार हेतु नोटिस जारी किए गए। टीम ने सभी प्रतिष्ठानों को निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि दीपावली पर्व पर उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
