पौड़ी

विधायक राजकुमार पोरी ने पिलाई बच्चों को पोलियो की खुराक

जनपद पौड़ी गढ़वाल में उप राष्ट्रीय प्रतिरक्षण अभियान (पल्स पोलियो) का शुभारंभ

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में रविवार को उप राष्ट्रीय प्रतिरक्षण अभियान (पल्स पोलियो) का शुभारंभ किया गया। जिला अस्पताल पौड़ी में स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने पाँच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया।

इस अवसर पर विधायक ने कहा कि भारत पोलियो मुक्त देश है, लेकिन इस स्थिति को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। विधायक ने कहा कि पल्स पोलियो केवल एक स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय संकल्प है, जिसे सभी को मिलकर निभाना होगा।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीमों की सराहना करते हुए कहा कि जिले के दुर्गम इलाकों तक पहुँचने वाले स्वास्थ्य कर्मी सच्चे अर्थों में समाज सेवा का कार्य कर रहे हैं। विधायक ने कहा कि प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और जनप्रतिनिधियों के समन्वय से यह जनजागरूकता अभियान और अधिक प्रभावी बनेगा।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने बताया कि इस सप्ताह चलने वाले अभियान में जनपद के 66,332 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 656 पोलियो बूथ और 16 ट्रांजिट बूथ बनाए गए हैं। साथ ही 167,350 घरों में जाकर पोलियो की खुराक पिलाने हेतु 1312 टीमों का गठन किया गया है, जिनमें 1010 आशा कार्यकत्रियां, 1820 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और 131 सुपरवाइजर शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि प्रवासी मजदूरों, निर्माण स्थलों पर कार्यरत श्रमिकों के बच्चों तथा कोटद्वार और कालागढ़ क्षेत्र के वन गुज्जर परिवारों के बच्चों तक पोलियो की खुराक पहुँचाने के लिए विशेष दल तैनात किए गए हैं।

इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अमित मेहरा, सीएमएस एल.डी. सेमवाल, सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी सुशील कुमार, नरेंद्र सिंह, विधि भंडारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *