दीन दयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत पौड़ी जनपद से तीर्थयात्री हुए रवाना
बद्रीनाथ धाम के दर्शन हेतु जत्थों को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना
पौड़ी गढ़वाल। दीन दयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के अंतर्गत जनपद पौड़ी गढ़वाल के विभिन्न विकास खंडों से तीर्थ यात्रियों के जत्थों को पवित्र बद्रीनाथ धाम की यात्रा के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत जनपद के अलग-अलग विकासखंडों से 8 एवं 9 अक्टूबर को 70 तीर्थयात्रियों तथा 10 अक्टूबर को 34 तीर्थयात्रियों को बद्रीनाथ धाम दर्शन हेतु वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में अब तक कुल 104 तीर्थयात्रियों को बद्रीनाथ धाम दर्शन के लिए भेजा जा चुका है।
उन्होंने कहा कि “दीन दयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना” राज्य सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों एवं बुजुर्गों को निःशुल्क तीर्थ यात्रा की सुविधा प्रदान करना है।
इस योजना के अंतर्गत राज्य सरकार द्वारा तीर्थ यात्रियों के आवागमन, ठहरने एवं भोजन आदि की संपूर्ण व्यवस्था निःशुल्क की जाती है, जिससे उन्हें धार्मिक एवं आध्यात्मिक अनुभव का लाभ प्राप्त हो सके।
यह योजना राज्य के वरिष्ठ नागरिकों में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ उन्हें समाज के प्रति सम्मान और सुरक्षा का भाव भी प्रदान कर रही है।
– सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
