खेती बनी आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक रोजगार का माध्यम
भटकोट गाँव के युवा पवन पांडेय ने कीवी मिशन योजना से रचा सफलता का नया अध्याय
पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के पर्वतीय ग्रामीण अंचलों में अब खेती केवल जीविकोपार्जन का साधन न रहकर सम्मानजनक और लाभकारी रोजगार का नया विकल्प बनती जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित योजनाओं और युवाओं की नई सोच ने कृषि को आत्मनिर्भरता और उद्यमिता का माध्यम बना दिया है।
पौड़ी जनपद के विकासखंड कोट के भटकोट गाँव के युवा पवन पांडेय की सफलता इसी परिवर्तन का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कीवी मिशन योजना का लाभ उठाकर आधुनिक बागवानी से आत्मनिर्भरता की नई राह बनाई है।

पवन पांडेय ने वर्ष 2019 में शिक्षा पूर्ण करने के बाद नौकरी के बजाय खेती को अपनी आजीविका बनाने का संकल्प लिया। वर्ष 2020 में उन्होंने उत्तराखंड सरकार की कीवी मिशन योजना के अंतर्गत 12 लाख रुपये के निवेश से एक हेक्टेयर भूमि में लगभग 300 कीवी पौधे लगाए। उद्यान विभाग से उन्हें ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली जैसी तकनीकी सहायता भी प्राप्त हुई।
लगातार मेहनत और वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने का परिणाम वर्ष 2024 में सामने आया, जब पहली बार उनकी कीवी बागवानी से उत्पादन प्राप्त हुआ। एक क्विंटल उत्पादन पर ₹40,000 का लाभ हुआ, जबकि इस वर्ष उन्हें 1.5 क्विंटल उत्पादन पर ₹50,000 के लाभ की उम्मीद है। इसके अलावा वे हल्दी उत्पादन से भी सालाना लगभग ₹35,000 की अतिरिक्त आय अर्जित कर रहे हैं।
आज उनकी कीवी की फसल न केवल अच्छी आमदनी का साधन बन रही है, बल्कि गाँव के 4–5 युवाओं को भी रोजगार का अवसर मिल रहा है। पवन के खेत में प्रतिदिन लोग कीवी खरीदने आते हैं, जिससे स्थानीय कृषि पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है। वे अब अपने उत्पाद की आपूर्ति पौड़ी जिले से बाहर भी कर रहे हैं।
मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने कहा कि राज्य के युवा पारंपरिक खेती के साथ-साथ बागवानी और आधुनिक कृषि की ओर भी आगे बढ़ें, इसके लिए सभी विभाग समन्वित प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि “पवन जैसे युवा हमारे लिए प्रेरणास्रोत हैं, जिन्होंने सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर न केवल स्वयं की आमदनी बढ़ाई है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार और आत्मनिर्भरता की राह भी प्रशस्त की है।”
अपनी सफलता पर पवन पांडेय ने कहा कि यदि इच्छाशक्ति और सही मार्गदर्शन हो, तो खेती भी एक सम्मानजनक और सशक्त रोजगार बन सकती है। उन्होंने मुख्यमंत्री, जिला प्रशासन और उद्यान विभाग का आभार जताते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं ने उन्हें नई दिशा दी है।
उत्तराखंड सरकार की कीवी मिशन योजना ग्रामीण क्षेत्रों में नई संभावनाओं के द्वार खोल रही है। भटकोट गाँव के इस युवा किसान की उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि यदि मेहनत, सही मार्गदर्शन और सरकारी सहयोग एक साथ मिल जाएँ, तो खेती भी आत्मनिर्भरता और समृद्धि का सशक्त आधार बन सकती है।
– सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
