पौड़ी

अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष पर उत्कृष्ट कृषक हुए सम्मानित

श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल)। अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के उपलक्ष्य में श्रीनगर आवास विकास मैदान में आयोजित जनपद स्तरीय सहकारिता मेले के चौथे दिन स्टेट मिलेट मिशन योजना के तहत पारंपरिक मोटे अनाजों के संरक्षण और उत्पादन को बढ़ावा देने वाले उत्कृष्ट कृषकों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मंडुवा, संगोरा, गहद, भट्ट और विभिन्न दालों की खेती में उल्लेखनीय योगदान देने वाले किसानों को “उत्कृष्ट कृषक सम्मान” प्रदान किया गया। सम्मानित कृषकों में थलीसैंण विकासखंड से मातवर सिंह नेगी और हर्ष सिंह नेगी, कल्जीखाल से अनुज सिंह, कोट से राम सिंह, पाबौ से वीरेंद्र सिंह, राजपाल सिंह और गुड्डी देवी, तथा खिर्सू विकासखंड से विनोद सिंह, मस्तान सिंह और जितेंद्र सिंह शामिल रहे।

थलीसैंण के मातवर सिंह नेगी ने कहा कि स्टेट मिलेट मिशन योजना से किसानों को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि “पहले मंडुवा और गहद जैसी पारंपरिक फसलों को लोग भूलने लगे थे, लेकिन अब सरकार की पहल से इनका बाजार फिर से विकसित हो रहा है।” उन्होंने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि “इस योजना से छोटे किसानों की आमदनी बढ़ी है और पारंपरिक खेती पर गर्व का भाव लौटा है।”

वहीं खिर्सू के विनोद सिंह ने कहा कि “पहले मोटे अनाजों की खेती घाटे का सौदा समझी जाती थी, लेकिन अब मिलेट्स की खरीद, प्रचार और प्रसंस्करण की सुविधाओं से किसानों का रुझान तेजी से बढ़ा है। मुख्यमंत्री की पहल से हम जैसे किसान आत्मनिर्भर बन रहे हैं।”

मेले में पशुपालन विभाग की ओर से 35 पशुपालकों को चारा बीज, मिल्क किट, कैल्शियम और मिनरल मिक्सचर वितरित किए गए। साथ ही विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में उत्साहपूर्ण सहभागिता रही, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मंच से सम्मानित किया गया।

शाम को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में थारू जनजातीय कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। खटीमा से आए बंटी राणा और रिंकू राणा के नेतृत्व में कलाकारों ने पारंपरिक झींझी नृत्य, थारू होली और लोकगीतों की शानदार प्रस्तुति दी। ढोल-मांदर की थाप पर पूरा मैदान थारू संस्कृति के रंग में रंग गया।

इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, कार्यक्रम संयोजक मंडल के सदस्य महावीर कुकरेती, मातवर सिंह रावत, संपत सिंह रावत, नरेंद्र सिंह रावत, मनोज पटवाल, सचिव/महाप्रबंधक संजय रावत सहित अनेक अधिकारी व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *