पौड़ी

सहकारिता मेले के तीसरे दिन छाया उत्साह, स्थानीय उत्पादों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बटोरी वाहवाही

श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल)। अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के उपलक्ष्य में सहकारिता विभाग एवं जिला सहकारी बैंक पौड़ी–कोटद्वार के संयुक्त तत्वावधान में श्रीनगर के आवास विकास मैदान में आयोजित जनपद स्तरीय सहकारिता मेला तीसरे दिन पूरे उत्साह और रौनक पर रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला सहकारी बैंक टिहरी के पूर्व अध्यक्ष सुभाष रमोला और विशिष्ट अतिथि जयवीर मियां रहे।

मुख्य अतिथि सुभाष रमोला ने कहा कि सहकारिता विभाग राज्य की आर्थिक प्रगति का नया अध्याय लिख रहा है। उन्होंने बताया कि सहकारिता अब रिवर्स पलायन रोकने और ग्रामीणों के आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बन चुकी है।

उन्होंने कहा कि सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की दूरदर्शी नीतियों के चलते आज सहकारिता विभाग प्रदेश के अग्रणी विभागों में शुमार है। पहले जहां सहकारी बैंक घाटे में थे, वहीं आज वे 300 करोड़ रुपये के लाभ में हैं — यह उत्तराखंड की सहकारिता की नई सफलता गाथा है।

मेले में लगाए गए 165 से अधिक स्टॉल स्थानीय उत्पादों की सफलता की मिसाल बने। राज्य सहकारी संघ के ऑर्गेनिक उत्पाद — राजमा, मंडुवा का आटा, अचार और मक्के का आटा — खरीदारों के बीच खासे लोकप्रिय रहे।

उत्तराखंड रेशम फेडरेशन के कोट, टोपी, सूट, मफलर, स्टॉल और पिछौड़े ने दर्शकों का मन मोह लिया, जबकि रेशम की साड़ियां महिलाओं की पहली पसंद बनीं।

मेले के तीसरे दिन छात्र-छात्राओं के बीच क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें शैफर्ड स्कूल प्रथम, संस्कृत विद्यालय द्वितीय और भगवती मेमोरियल स्कूल तृतीय स्थान पर रहे। मेहंदी प्रतियोगिता में भी प्रतिभागी छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।

मुख्य अतिथियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय किसान कल्याण योजना के तहत 88 किसानों को 1.30 करोड़ रुपये के 0% ब्याज पर ऋण चेक वितरित किए। इसके साथ ही प्रगति महिला सहायता समूह (नीलकंठ) और खुशी महिला सहायता समूह (बिथ्याणी) को 5–5 लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं को लक्ष्मी किट और गोद भराई किट भी वितरित की गईं।

सांस्कृतिक संध्या में चिल्ड्रन एकेडमी, राजकीय माध्यमिक विद्यालय श्रीकोट और आरसी मेमोरियल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने लोकनृत्य और गीतों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।

शाम को प्रसिद्ध गायक सौरभ मैठाणी के गीत “मैं पहाड़ों का रैवासी” और गायक अमित सागर की प्रस्तुति पर युवा झूम उठे। बारिश के बावजूद दर्शकों का उत्साह चरम पर बना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, कार्यक्रम संयोजक मंडल के सदस्य महावीर कुकरेती, मातवर सिंह रावत, संपत सिंह रावत, नरेंद्र सिंह रावत, मनोज पटवाल, सचिव/महाप्रबंधक संजय रावत, जिला सहायक निबंधक पान सिंह राणा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *