75वीं जनपद स्तरीय शरदकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता का रांसी स्टेडियम में भव्य शुभारंभ
15 विकासखंडों के 1200 से अधिक खिलाड़ी ले रहे हैं हिस्सा, 7 अक्तूबर तक चलेगी प्रतियोगिता
पौड़ी। शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित 75वीं जनपद स्तरीय शरदकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ आज राइफलमैन शहीद जसवंत सिंह रावत स्टेडियम, रांसी में हर्षोल्लास के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह का आरंभ राजकीय कन्या इंटर कॉलेज पौड़ी एवं डी.ए.वी. इंटर कॉलेज पौड़ी की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुआ, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया।

मुख्य शिक्षा अधिकारी नागेंद्र बर्तवाल ने बताया कि इस वर्ष की प्रतियोगिता में जनपद के 15 विकासखंडों से 1200 से अधिक खिलाड़ी विभिन्न खेलों में प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता 4 से 7 अक्तूबर तक आयोजित की जाएगी।
जिला खेल समन्वयक योगम्बर सिंह नेगी ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, जूडो और योग जैसी प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। इन खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी राज्य स्तर पर जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मुख्य अतिथि हिमानी नेगी ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल भावना से खेलने वाला व्यक्ति जीवन में सदैव सफल होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से जनपद के साथ-साथ प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केशर सिंह नेगी ने कहा कि वे स्वयं भी खिलाड़ी रहे हैं और खेलों का महत्व भलीभांति जानते हैं। उन्होंने घोषणा की कि
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विकासखंड को ₹5100, द्वितीय स्थान को ₹2100, और तृतीय स्थान को ₹1100 का नगद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
आज आयोजित खो-खो अंडर-19 बालक वर्ग के पहले सेमीफाइनल में दुगड्डा ने पोखड़ा को हराया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में द्वारीखाल ने एकेश्वर को पराजित किया। फाइनल मुकाबला कल दुगड्डा और द्वारीखाल के बीच खेला जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन जयदीप रावत, मृदुला गुजराल एवं भवान सिंह नेगी ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर रचना सिरस्वाल, बबीता रावत, कमल उप्रेती, भवान सिंह नेगी, हरदीप रावत, रघुराज चौहान, मुकेश कुमार, ऋषि रावत, जयकृत भंडारी, सुरेंद्र रावत, पूरण सिंह नेगी सहित अन्य अधिकारी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
