यमकेश्वर

बीन नदी पुल निर्माण को लेकर 8 अक्टूबर को होगा जन प्रदर्शन, उत्तराखंड नव निर्माण सेना ने की क्षेत्रीय जनता से जुड़ने की अपील

यमकेश्वर। उत्तराखंड नव निर्माण सेना के महासचिव विलास गौड़ ने जानकारी दी कि क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग बीन नदी पर पुल निर्माण को लेकर अब आंदोलन तेज किया जा रहा है। इसी क्रम में संगठन द्वारा 8 अक्टूबर प्रातः 10 बजे बीन नदी स्थल पर विशाल जन प्रदर्शन किया जाएगा।

गौरतलब है कि यह प्रदर्शन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 5 अक्टूबर को होना था, किंतु उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) पेपर लीक प्रकरण को लेकर चल रहे प्रदेशव्यापी आंदोलन में व्यस्तता के कारण इसे स्थगित कर 8 अक्टूबर की नई तिथि घोषित की गई है।

विलास गौड़ ने कहा कि बीन नदी पर पुल निर्माण लंबे समय से अटका हुआ है, जबकि यह पुल बनने से हजारों की आबादी को यातायात सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। वर्तमान में ग्रामीणों को बरसात के मौसम में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने स्थानीय जनता, सामाजिक संगठनों और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शन स्थल पर पहुँचकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।

यह प्रदर्शन बीन नदी पुल निर्माण की दिशा में निर्णायक कदम माना जा रहा है और ग्रामीणों को उम्मीद है कि आंदोलन के दबाव में सरकार इस महत्वपूर्ण परियोजना को शीघ्र प्रारंभ करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *