स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा एवं स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत खिर्सू में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित
खिर्सू। स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा एवं स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खिर्सू में बुधवार को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख अनिल भंडारी ने किया।

उपजिला चिकित्सालय श्रीनगर से पहुंचे विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने मरीजों की जांच कर निःशुल्क दवाएं वितरित कीं। शिविर में 174 से अधिक मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं, जिनमें ईएनटी विभाग में 23, नेत्र रोग में 67, जनरल मेडिसिन व फिजिशियन में 46 तथा अस्थि रोग विभाग में 54 मरीजों का उपचार किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एनसीडी स्क्रीनिंग एवं टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जांच की। साथ ही 10 दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र भी बनाए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने बताया कि स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के अंतर्गत 2 अक्टूबर तक जिले के सभी चिकित्सा इकाइयों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंच सकें।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. जीशान अली, ईएनटी चिकित्सक डॉ. दिगपाल, जनरल मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. शुभम, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. मोहित कुमार, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. सचिन चौबे, मनोविज्ञान चिकित्सक डॉ. आशीष गुसाईं सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
