शहीद सम्मान यात्रा: पौड़ी जनपद में शौर्य और बलिदान की अमर गाथा
पौड़ी। जनपद में चल रही शहीद सम्मान यात्रा शौर्य और बलिदान की अमर गाथा बनकर उभर रही है। इस पवित्र यात्रा के तहत जिले के 29 वीर शहीदों के आंगन से मिट्टी संग्रहित की जा रही है, जिसे आगे चलकर राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित शौर्य स्थली और शहीद स्मारकों में अमर प्रतीक के रूप में सुरक्षित रखा जाएगा।

अब तक 26 में से 20 शहीदों के घरों से मिट्टी संग्रह की जा चुकी है। यह मिट्टी वर्तमान में लैंसडाउन में सुरक्षित रखी गई है। सैनिक कल्याण अधिकारी लैंसडाउन कर्नल वीरेंद्र भट्ट ने कहा कि यह केवल श्रद्धांजलि ही नहीं, बल्कि शहीद परिवारों के गर्व और समाज के लिए प्रेरणा का माध्यम भी है।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर करण सिंह रावत ने जानकारी दी कि आगामी 3 अक्टूबर को शेष तीन शहीदों के घरों से भी मिट्टी संग्रहण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहीद सम्मान यात्रा का उद्देश्य नई पीढ़ी को शौर्य गाथा से प्रेरित करना और देशभक्ति की भावना को सदैव जीवित रखना है।

स्थानीय लोग भी इस यात्रा से भावनात्मक रूप से जुड़े हुए हैं। उनका कहना है कि यह प्रयास शहीद परिवारों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है और यह संदेश देता है कि राष्ट्र रक्षा के लिए दिया गया बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।
यात्रा का समापन 5 अक्टूबर को लैंसडाउन में भव्य कार्यक्रम के साथ होगा। इसमें शहीद परिवारों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रहेगी। इस अवसर पर संग्रहीत मिट्टी को शौर्य स्थली के लिए सुरक्षित रखा जाएगा और शहीदों को नमन किया जाएगा।
