पौड़ी

थलीसैंण के बूँगीधार में आयोजित हुआ ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ कार्यक्रम

पौड़ी। थलीसैंण विकासखंड के बूँगीधार में “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने पहुँचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और निःशुल्क दवाओं का लाभ उठाया। इस अवसर पर उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कैंसर, किशोरियों व महिलाओं में एनीमिया की जांच की गई। साथ ही गर्भवती महिलाओं के लिए एएनसी देखभाल, आयरन-कैल्शियम की खुराक, विभिन्न जांचें तथा बच्चों के लिए टीकाकरण सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। शिविर के दौरान कुल 126 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई।

मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शिविर में लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट और आपदा प्रभावित परिवारों को राशन सामग्री वितरित की। इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और अनेक लोग योजनाओं से सीधे लाभान्वित हुए।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि ग्रामीण अंचलों तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे शिविर न केवल स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराते हैं, बल्कि ज़रूरतमंद परिवारों को राहत और संबल भी प्रदान करते हैं। उन्होंने चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और सहयोगी टीम के सेवा-भाव की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल समाज को सशक्त बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।

शिविर में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, उपजिलाधिकारी श्रेष्ठ गुनसोला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *