नैनीडांडा में दो दिवसीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
पौड़ी। आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ डॉ. रघुनंदन सिंह टोलिया उत्तराखंड प्रशासन अकादमी के तत्वावधान में विकासखंड नैनीडांडा के ब्लॉक सभागार में आयोजित दो दिवसीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण जनजागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हो गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों, होमगार्ड, पीआरडी स्वयंसेवकों सहित अन्य प्रतिभागियों को आपदा से पूर्व, आपदा के दौरान और आपदा के बाद किए जाने वाले आवश्यक कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी दीपेश काला ने प्रतिभागियों को आईआरएस प्रणाली, आपदा परिचालन केंद्र की कार्यप्रणाली तथा आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि घटनाओं की सूचना समय पर कंट्रोल रूम तक पहुंचाना बेहद आवश्यक है। साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों को भी बुनियादी रेस्क्यू कौशल सीखने पर बल दिया, ताकि घायल व्यक्तियों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सके।
एसडीआरएफ टीम ने प्रतिभागियों को आपदा की स्थिति में उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर अस्थायी संरचना तैयार करने और राहत कार्यों की व्यावहारिक जानकारी भी दी।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख नैनीडांडा प्रकीर्ण नेगी, कोर्स डायरेक्टर डॉ. मंजू पांडे (आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ, डॉ. रघुनंदन सिंह टोलिया उत्तराखंड प्रशासन अकादमी), खंड विकास अधिकारी प्रमोद चंद्र पांडे, एसडीआरएफ से जितेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
