पौखाल में बहुद्देशीय शिविर, ग्रामीणों को मिली योजनाओं की जानकारी
पौड़ी। स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के अंतर्गत विकासखंड दुगड्डा के पौखाल में बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने हेतु स्टॉल लगाए गए। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर योजनाओं से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।

शिविर का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने किया। उन्होंने कहा कि जनपद के विभिन्न विकासखंडों में नियमित रूप से शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुँच सके। सीडीओ ने कहा कि शासन-प्रशासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं की पहुँच सुनिश्चित हो। उन्होंने ग्रामीणों को अधिक से अधिक इन शिविरों का लाभ उठाने की अपील की और कहा कि स्वरोजगार अपनाकर युवा न केवल अपनी आर्थिकी को मजबूत कर सकते हैं बल्कि स्थानीय स्तर पर विकास की गति भी बढ़ा सकते हैं।
शिविर के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी। शिविर में लगभग 80 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 35 का निस्तारण मौके पर ही किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया। अधिकांश शिकायतें विद्युत, पेयजल, मोटर मार्ग और कृषि विभाग से संबंधित रहीं। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
शिविर में पशुपालन, बाल विकास, कृषि, उद्यान, रीप, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, एनआरएलएम समेत कई विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी और मौके पर ही लाभान्वित किया।
इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह, एसडीओ विद्युत रवि अरोड़ा, खंड विकास अधिकारी दुगड्डा विद्यादत्त रतूड़ी, सहायक समाज कल्याण अधिकारी संजीवपाल, सहायक कृषि अधिकारी सुरेश कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।
