देहरादून

अंकिता भंडारी की तीसरी पुण्यतिथि पर विशाल मशाल जुलूस का आयोजन

देहरादून। उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा ने रविवार, 21 सितंबर 2025 को अंकिता भंडारी की तीसरी पुण्यतिथि पर उसे श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए एक विशाल मशाल जुलूस का आह्वान किया है। यह जुलूस महिंद्रा शोरूम मोथरोवाला चौक (डेकेथलॉन के सामने) से शुरू होकर आईएसबीटी तक निकाला जाएगा। कार्यक्रम का समय शाम 5 बजे निर्धारित किया गया है।

इस मशाल जुलूस में दिल्ली गैंगरेप हत्याकांड की शिकार किरण नेगी के माता-पिता भी शामिल होंगे। उनके साथ उस केस की पैरवी करने वाली विख्यात समाजसेवी योगिता भयाना भी उपस्थित रहेंगी। वहीं हाल ही में पिथौरागढ़ की नन्हीं कशिश के परिवारजन—उसका बड़ा भाई और माता-पिता भी इस मार्च में शिरकत करेंगे। संभवतः अंकिता भंडारी के पिता भी इस मौके पर मौजूद रहेंगे।

मोर्चा से जुड़े पदाधिकारियों ने कहा कि यह जुलूस सिर्फ श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं है, बल्कि यह तीनों पहाड़ की बेटियों—अंकिता, किरण और कशिश—के लिए न्याय की सामूहिक आवाज भी है। उनका कहना है कि इस लड़ाई को केवल परिवारों तक सीमित न रखकर इसे पूरे उत्तराखंड की न्याय की लड़ाई बनाया जाना चाहिए।

उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा ने आमजन से आह्वान किया है कि वे अपने-अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से इस प्रोटेस्ट मार्च को व्यापक समर्थन दें और अधिक से अधिक संख्या में सड़कों पर उतरकर इन बेटियों के लिए न्याय की आवाज बुलंद करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *