राष्ट्रीय लोक अदालत में 1,020 वादों का निस्तारण, ₹1.73 करोड़ की धनवसूली सुनिश्चित
पौड़ी। उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी गढ़वाल की ओर से जनपद के सभी न्यायालयों—मुख्यालय पौड़ी, कोटद्वार, श्रीनगर एवं लैन्सडाउन—में राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया।

इस अवसर पर कुल 1,020 वादों का निस्तारण किया गया। निपटारे के दौरान ₹1,73,82,556 की धनवसूली सुनिश्चित हुई। इसके अतिरिक्त प्री-लिटिगेशन के 68 वाद निस्तारित किए गए, जिनमें ₹20,30,754 की वसूली की गई।
जनपद मुख्यालय पौड़ी में आयोजित लोक अदालत की कार्यवाही मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शहज़ाद ए. वाहिद की उपस्थिति में संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से वादों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण संभव हो पाया है, जिससे आमजन को न्याय की सुलभता और आर्थिक राहत दोनों प्राप्त हुई है।
इस अवसर पर सिविल जज/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी गढ़वाल नाजिश कलीम, न्यायिक मजिस्ट्रेट पौड़ी प्रतीक मथेला, प्रधान न्यायाधीश राहुल गर्ग सहित अन्य न्यायिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
