विकास खंड कल्जीखाल में जलवायु अनुकूल कृषि प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न
कल्जीखाल। विकास खंड कल्जीखाल में दो दिवसीय जलवायु अनुकूल कृषि प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन योग्यता स्वायत सहकारिता, श्रद्धा सीएलएफ दिवई एवं लक्ष्य एसआरसी दिवई के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने प्रतिभाग करते हुए प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिला कृषकों को संबोधित किया। उन्होंने महिलाओं को कृषि से हो रहे लाभों की जानकारी दी और 60 प्रगतिशील महिला कृषकों को प्रमाण पत्र वितरित किए।
विशेषज्ञों ने प्रशिक्षण में कृषकों को जलवायु परिवर्तन के प्रभाव और समाधान, जैविक खेती, जैविक खाद व कीटनाशक, भूपरिष्करण और बीज संरक्षण जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही वीडियो डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से एकीकृत कृषि मॉड्यूल, आलू बीज उत्पादन, बर्मी कम्पोस्ट और जीवामृत पर भी प्रशिक्षण दिया गया।

वाईपी केएम-आईटी द्वारा मशरूम की खेती, पशु बीमा, फसल बीमा, फल बीमा, मल्चिंग, सिंचाई के प्रकार और ड्रिप सिंचाई पर जानकारी दी गई। वहीं पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मनीष नेगी ने किसानों को खुरपका, लंगड़ी बुखार और पेट के कीड़े जैसी बीमारियों के लक्षण और उनके उपचार के बारे में बताया।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी दिनेश नेगी, सहायक प्रबंधक आजीविका धनी लाल उनियाल, एडीओ पंचायत मेघराज सिंह, योग्यता सीएलएफ की अध्यक्षा उर्मिला देवी, श्रद्धा सीएलएफ की अध्यक्षा विनीता चंदोला सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
