तहसील थलीसैंण में 16 सितम्बर को तहसील दिवस एवं बहुउद्देशीय शिविर
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में आगामी मंगलवार, 16 सितम्बर 2025 को प्रातः 11 बजे तहसील थलीसैंण अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज, कपरोली में तहसील दिवस एवं बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल एवं शिविर लगाए जाएंगे। शिविर का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान और शासकीय सेवाओं की सुगमता सुनिश्चित करना है। साथ ही योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जाएगा।
तहसील दिवस के दौरान –
समाज कल्याण विभाग पेंशन संबंधी मामलों का निस्तारण करेगा।
स्वास्थ्य विभाग एवं आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाकर आमजन को उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा।
राजस्व विभाग आय, जाति सहित विभिन्न प्रमाणपत्रों से संबंधित कार्यवाही करेगा और राजस्व मामलों का समाधान करेगा।
महिला एवं बाल विकास, कृषि, उद्यान, पशुपालन आदि विभागों द्वारा जन उपयोगी योजनाओं हेतु आवेदन प्राप्त कर लाभ वितरण की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।
इस अवसर पर सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहेंगे, ताकि लोगों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जा सके और जनता सीधे सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सके।
जिलाधिकारी ने क्षेत्र के समस्त नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में तहसील दिवस/बहुउद्देशीय शिविर में उपस्थित होकर योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
