पौड़ी

“स्वच्छता ही सेवा” पखवाड़े की तैयारियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न

जिलाधिकारी ने दिए निर्देश, 17 सितम्बर से शुरू होगा अभियान

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ आगामी स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े (17 सितम्बर से 02 अक्टूबर) की तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को अपने-अपने कार्यालय परिसरों की सफाई सुनिश्चित करने और दफ्तरों में रखी निष्प्रयोज्य सामग्री की नीलामी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य से पूर्व एवं बाद के फोटोग्राफ्स उपलब्ध कराए जाएं।

मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी ब्लॉकों में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं और क्षेत्रीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए संसाधनों का आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

उन्होंने बताया कि 16 सितम्बर को विकास दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर थलीसैंण तहसील दिवस में एक शिविर आयोजित होगा। साथ ही समाज कल्याण विभाग द्वारा पखवाड़े के दौरान तीन बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें पेंशन प्रकरणों सहित ग्रामीणों की अन्य समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि न्याय पंचायत स्तर पर भी सफाई अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जहां भी सफाई अभियान होगा, वहां “एक पेड़ – मां के नाम” थीम पर पौधरोपण किया जाएगा। नगर निकायों को निर्देश दिए गए कि सफाई अभियान के साथ-साथ आवारा पशुओं को गोसदनों में शिफ्ट किया जाए तथा सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने कूड़े के डोर-टू-डोर कलेक्शन और स्रोत पर अपशिष्ट पृथक्करण पर भी जोर दिया।

उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने स्तर पर विभागों से समन्वय कर कार्यक्रम की मॉनिटरिंग करेंगे।

परियोजना निदेशक स्वजल दीपक रावत ने बताया कि पखवाड़े के दौरान प्रतिदिन विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। 17 सितम्बर को सभी ग्राम सभाओं व नगर निकायों में स्वच्छता शपथ दिलायी जाएगी और सार्वजनिक स्थलों पर सफाई अभियान आयोजित होगा। वहीं 02 अक्टूबर को समापन अवसर पर स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों, ग्राम पंचायतों, पर्यावरण मित्रों और स्वच्छता प्रहरियों को सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, उपजिलाधिकारी रेखा आर्य, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, मुख्य शिक्षाधिकारी नागेंद्र बर्तवाल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, अपर समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *