जिला निरीक्षण समिति ने किया राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) का निरीक्षण
*अपर जिलाधिकारी ने बच्चों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के दिए निर्देश*
पौड़ी। जिला निरीक्षण समिति ने गुरुवार को अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल की अध्यक्षता में राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर), पौड़ी का त्रैमासिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान समिति ने स्टोर कक्ष, रसोईघर, मनोरंजन कक्ष, शैक्षणिक गतिविधियाँ, स्वास्थ्य सेवाएँ और सुरक्षा प्रबंधन की स्थिति का जायज़ा लिया। इस दौरान परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच भी की गई और रसोईघर की स्वच्छता का निरीक्षण किया गया। समिति ने खेलकूद सामग्री, पुस्तकालय और मनोरंजन साधनों की उपलब्धता और स्थिति का भी परीक्षण किया।
अपर जिलाधिकारी ने स्वच्छता और शैक्षणिक गतिविधियों को और सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों को पौष्टिक भोजन, नियमित स्वास्थ्य जांच, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और पर्याप्त मनोरंजन सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ। उन्होंने कहा कि संप्रेक्षण गृह में बच्चों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सकारात्मक वातावरण होना अत्यंत आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने बच्चों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को सुना। बच्चों ने पढ़ाई, भोजन व्यवस्था और मनोरंजन गतिविधियों से जुड़े अनुभव साझा किए।

इस अवसर पर एसीएमओ डॉ. विनय कुमार त्यागी, जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविन्द कुमार, एसीएमओ डॉ. अमित मेहरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
