पौड़ी

जनपदों की धीमी प्रगति पर आयुक्त गढ़वाल ने जताई नाराज़गी, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

पौड़ी। आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पांडेय ने गुरुवार को मण्डल मुख्यालय पौड़ी स्थित विकास भवन सभागार में मंडलीय अधिकारियों के साथ विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में गढ़वाल मंडल के अन्य जिलों के मुख्य विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन अधिकारियों ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित नहीं की है, वे एक सप्ताह के भीतर बैठक कर कार्यवाही की रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने चेतावनी दी कि इस कार्य में लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। शिक्षा विभाग के अधिकारी द्वारा अधूरी तैयारी के साथ उपस्थित होने पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

बैठक में बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में जिला योजना अंतर्गत ₹59107.90 लाख की स्वीकृत धनराशि के सापेक्ष 100 प्रतिशत धनराशि अवमुक्त की जा चुकी है। इसमें से जनपद स्तर पर विभागों को 60.59 प्रतिशत धनराशि आवंटित की गई, जबकि अगस्त माह तक 40.84 प्रतिशत वित्तीय प्रगति दर्ज की गई। उत्तरकाशी, चमोली एवं हरिद्वार में 50 प्रतिशत से कम प्रगति पर आयुक्त ने संबंधित जिलाधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए।

राज्य सेक्टर योजनाओं में शासन से अवमुक्त ₹150363.39 लाख के सापेक्ष अगस्त माह तक ₹65570.96 लाख व्यय कर 43.61 प्रतिशत वित्तीय प्रगति दर्ज हुई। रुद्रप्रयाग की मात्र 25.37 प्रतिशत प्रगति पर आयुक्त ने नाराजगी जताई और जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग को प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने कहा कि मानसून समाप्ति के बाद अगले 10-15 दिनों में कार्यों को मिशन मोड में पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर पखवाड़े में विभागीय समीक्षा बैठक कर कार्यवृत्त आयुक्त कार्यालय को भेजा जाए। जिला अर्थ एवं संख्या विभाग को निर्देश दिए गए कि वे धीमी प्रगति वाले विभागों को चिन्हित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

जल निगम की पेयजल पंपिंग योजनाओं के लम्बित मामलों पर आयुक्त ने वन विभाग से समन्वय स्थापित कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल निगम, स्वास्थ्य, जल संस्थान, कृषि, पशुपालन सहित अन्य विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी पौड़ी स्वाति एस. भदौरिया, वन संरक्षक गढ़वाल आकाश कुमार वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी पौड़ी गिरीश गुणवंत, संयुक्त निदेशक अर्थ एवं संख्या गीतांजलि शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *