गढ़वाल आयुक्त का औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य निदेशक सहित तीन कर्मचारी अनुपस्थित
पौड़ी। गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने बुधवार को निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण गढ़वाल मंडल कार्यालय, पौड़ी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका चेक करने पर निदेशक सहित तीन कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।
![]()

आयुक्त ने निदेशक के अनुपस्थित रहने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि इस संबंध में सचिव स्वास्थ्य एवं डीजी स्वास्थ्य को तत्काल पत्र भेजकर सूचना उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि अधिकारी-कर्मचारियों को अपनी तैनाती स्थल पर ही उपस्थित रहना अनिवार्य है, अन्यथा अनुपस्थित पाए जाने पर सख़्त कार्रवाई की जाएगी।

आयुक्त ने कहा कि मंडलीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा। इस दौरान उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला से स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी भी प्राप्त की।
निरीक्षण में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, तहसीलदार दीवान सिंह राणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
