उत्तराखंडऋषिकेशधर्म

यज्ञ, जीवन का सर्वोच्च दर्शन: स्वामी चिदानन्द सरस्वती

ऋषिकेश। ऋग्वेद, उपनिषद और गीता में वर्णित यज्ञ केवल अग्नि में आहुति देने का अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि जीवन का सर्वोच्च दर्शन है। यह कहना है परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती का।

Õ

स्वामी जी ने कहा कि यज्ञ का अर्थ है त्याग, समर्पण और लोकमंगल की भावना। जिस प्रकार अग्नि में आहुति देने से वातावरण शुद्ध होता है, उसी प्रकार जब हमारा जीवन सेवा, करुणा, दान और प्रेम की आहुति बनता है, तो समाज और राष्ट्र शुद्ध एवं प्रकाशित होते हैं।

उन्होंने कहा कि “जीवन स्वयं एक यज्ञ है। जन्म से लेकर मृत्यु तक हर श्वास ईश्वर का प्रसाद है और हर निःश्वास लोकमंगल का संकल्प।”

स्वामी चिदानन्द ने प्रकृति को महायज्ञ बताते हुए कहा कि सूर्य बिना थके प्रकाश देता है, नदियाँ निःस्वार्थ बहती हैं, वृक्ष फल-फूल देकर भी कुछ नहीं मांगते, वायु और जल जीवन को पोषित करते हैं। यह सब त्याग और सेवा का प्रतीक है।

आज की उपभोक्तावादी सोच पर चिंता जताते हुए स्वामी जी ने कहा कि लोग “लेने” की आदत में बंधते जा रहे हैं, जबकि यज्ञ हमें “देने” का संदेश देता है। जल संयम सिखाता है, वायु विस्तार की शिक्षा देती है, अग्नि ऊर्जा और परिवर्तन का प्रतीक है, पृथ्वी सहनशीलता और धैर्य का प्रतीक है। इन पंचतत्वों से सीखकर ही जीवन एक महायज्ञ बन सकता है।

उन्होंने कहा कि विश्व में संघर्ष, प्रदूषण और तनाव बढ़ रहे हैं, ऐसे समय में यज्ञ का संदेश “देना, देना और केवल देना” ही मानवता को नई दिशा दे सकता है।

समापन में स्वामी जी ने आह्वान किया कि यज्ञ को केवल वेदियों और मंत्रों तक सीमित न रखें, बल्कि जीवनशैली में उतारें। छोटे-छोटे कर्म भी यदि लोकमंगल की आहुति बनें तो जीवन सफल और सार्थक हो जाएगा।

उन्होंने कहा— “आइए संकल्प लें कि हर श्वास को आहुति बनाएं और मानवता के कल्याण के लिए जीवन को यज्ञमय बनाएं। यही हमारी संस्कृति है, यही सनातन परंपरा और यही जीवन का सर्वोच्च सत्य।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *