जिलाधिकारी ने दी कड़ी हिदायत: योजनाओं में डुप्लीकेसी रोकने को आधार लिंक्ड डेटाबेस बने, लाभार्थियों को समय पर मिले लाभ
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में आज विकास भवन पौड़ी में बीडीओ सहवर्गीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वरोजगार योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुँचे। इसके लिए आधार लिंक्ड डेटाबेस तैयार किया जाएगा, ताकि कोई भी व्यक्ति अलग-अलग विभागों से दोहरा लाभ न ले सके। उन्होंने जोर दिया कि सफलता की कहानियों का व्यापक प्रचार किया जाए और अधिक से अधिक पात्र लोग योजनाओं से जुड़ सकें।
उन्होंने निर्देश दिए कि योजनाओं की विज्ञप्तियां जारी कर आवेदन आमंत्रित किए जाएं, ताकि सरकारी योजनाएं अधिकाधिक लोगों तक पहुँच सकें। महिला स्वयं सहायता समूहों को नए रोजगार से जोड़ने और उनके उत्पादों को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से लिंक करने पर भी विशेष बल दिया गया, जिससे उन्हें आर्थिक लाभ मिल सके।
बैठक के दौरान पीएम आवास योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिन लाभार्थियों के मकान पूर्ण हो चुके हैं, उन्हें अंतिम किश्त शीघ्र जारी की जाए। मनरेगा व अन्य योजनाओं की समीक्षा में उन्होंने मजदूरों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने और आपदा प्रभावित गांवों में भूमि सुधार कार्य प्राथमिकता पर कराने के निर्देश दिए।
कृषि और उद्यान विभाग की समीक्षा में जिलाधिकारी ने किसानों को नई तकनीक, उन्नत बीज और बागवानी क्लस्टर का लाभ देने पर जोर दिया। वहीं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत महिला समूहों की गतिविधियों पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इन्हें बैंकिंग सेवाओं और बाजार से और मजबूती से जोड़ा जाए।
जिन विभागों की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई, वहां संबंधित बीडीओ को 15 दिन के भीतर लक्ष्य अनुरूप कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि विकास कार्यों का सीधा असर आमजन पर पड़ता है, इसलिए अधिकारी जिम्मेदारी के साथ क्षेत्रीय स्तर पर जनता तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना सुनिश्चित करें।
मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ योजनाओं को धरातल पर उतारें और जनभागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्थानीय स्तर पर नवाचार लाकर योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाया जाए।
बैठक में पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर सहित विभिन्न ब्लॉकों के खंड विकास अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
