क्रॉप कटिंग प्रयोग में ग्रामीणों के साथ खेत में उतरीं जिलाधिकारी, महिलाओं से जानी आजीविका की स्थिति
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने गुरुवार को तहसील पौड़ी के राजस्व ग्राम मासौं तल्ला पहुंचकर क्रॉप कटिंग प्रयोग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ खेत में पहुंचकर कृषि कार्यों की जानकारी ली और ग्रामीण महिलाओं से संवाद कर उनकी आजीविका, आय के साधनों तथा गांव की दैनिक जरूरतों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

राजस्व विभाग की टीम ने किसान वीरेंद्र नेगी के खेत में निर्धारित मानकों के अनुसार 30 वर्गमीटर क्षेत्रफल का प्लॉट तैयार कर सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से क्रॉप कटिंग प्रयोग किया। निर्धारित क्षेत्रफल से 11 किलोग्राम गेहूं की उपज प्राप्त हुई। जिलाधिकारी ने स्वयं भी खेत में गेहूं की कटाई की और ग्रामीण महिलाओं के साथ पारंपरिक मंडाई कार्य में हाथ बंटाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि क्रॉप कटिंग प्रयोग से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर फसलों की औसत उत्पादकता का वैज्ञानिक तरीके से आकलन किया जाता है। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर जिले में फसल के संभावित उत्पादन का अनुमान तैयार किया जाता है, जिससे कृषि उत्पादकता और उत्पादन के वास्तविक आंकड़े तैयार करने में मदद मिलती है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान पुष्पा नेगी सहित ग्रामीणों से गांव की विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि गांव के बच्चों के स्कूल जाने वाले पैदल मार्ग पर झाड़ियां उग आई हैं और मार्ग की स्थिति भी ठीक नहीं है। इससे बच्चों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की समस्या का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने पैदल मार्ग की मरम्मत की स्वीकृति प्रदान की। साथ ही झाड़ियों की सफाई के लिए तहसीलदार को अगले ही दिन बुशकटर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों के आवागमन का रास्ता सुविधाजनक बनाया जा सके।
इस अवसर पर तहसीलदार राजेंद्र गोस्वामी, एलआरओ पूरण प्रकाश, कानूनगो जगदीश चंद्र ओलिया, राजस्व उप निरीक्षक राजेंद्र पटवाल, कुलदीप नेगी, कुलदीप शाह, इंश्योरेंस कंपनी से राकेश शर्मा, सुमित सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
