मानसून में क्षतिग्रस्त सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान शुरू, युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य
पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद पौड़ी गढ़वाल में मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को दुरुस्त करने के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि), प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) सहित संबंधित विभागों के सभी खंडों की टीमें फील्ड में उतरकर सड़क सुधार और मरम्मत कार्य में जुट गई हैं।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त सड़कों और गड्ढों को चिह्नित कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराई जा रही है। जिन स्थानों पर पैचवर्क की आवश्यकता है, वहां तत्काल कार्य किया जा रहा है, जबकि अधिक क्षतिग्रस्त हिस्सों को आवश्यकतानुसार दुरुस्त किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सड़क मरम्मत कार्यों में समयबद्धता के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों को शीघ्र दुरुस्त करने को कहा है। विभागीय अधिकारियों द्वारा फील्ड स्तर पर चल रहे कार्यों की नियमित निगरानी भी की जा रही है।
पर्वतीय जनपद पौड़ी में सड़कें आमजन की आवाजाही के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार, पर्यटन और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच का प्रमुख माध्यम हैं। मानसून के दौरान कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में संबंधित विभागों ने सड़क सुधार अभियान को गति देते हुए आने वाले दिनों में मरम्मत कार्यों में और तेजी लाने पर जोर दिया है।
प्रशासन का फोकस क्षतिग्रस्त सड़कों को शीघ्र दुरुस्त कर आमजन को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने पर है।
