पौड़ी

ग्राम पोगठा में सिंचाई राज्यमंत्री ऋषि कंडवाल का भव्य स्वागत, ग्रामीणों ने रखीं जनसमस्याएं

द्वारीखाल। उत्तराखंड सरकार में सिंचाई राज्यमंत्री ऋषि कंडवाल के ग्राम पोगठा पहुंचने पर समस्त क्षेत्रवासियों की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान राज्यमंत्री के साथ पहुंचे अन्य आगंतुकों का भी ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।

ग्राम क्षेत्र में पहुंचने पर राज्यमंत्री ऋषि कंडवाल ने चारों ओर लहलहाती खेती को देखकर ग्रामीणों की मेहनत की सराहना की। इसके बाद उन्होंने क्षेत्रवासियों से संवाद करते हुए उनकी जनसमस्याएं सुनीं।

ग्रामीणों ने बताया कि जंगली जानवरों के कारण खेती को लगातार नुकसान हो रहा है। वहीं घर-घर नल पहुंचने के बावजूद पानी नहीं पहुंच रहा है, जबकि उन्हें भारी-भरकम पानी के बिल प्राप्त हो रहे हैं। ग्रामीणों ने सिंचाई नहर में किए जा रहे कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठाते हुए समस्या के समाधान की मांग रखी।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों, कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। इसके बाद उत्तराखंड की पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप राज्यमंत्री सहित सभी लोगों ने एक साथ पंगत में बैठकर भोजन किया।

सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व सैनिक वीरेंद्र रावत ने कहा कि राज्यमंत्री ऋषि कंडवाल का मिलनसार व्यवहार क्षेत्रवासियों को काफी पसंद आया। उन्होंने कहा कि राज्यमंत्री पहली बार क्षेत्र में पहुंचे, लेकिन उनका व्यवहार ऐसा रहा जैसे वे सभी लोगों से पहले से परिचित हों।

राज्यमंत्री ऋषि कंडवाल ने ग्रामीणों द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *