अंतर्राष्ट्रीयउत्तराखंडऋषिकेश

अमेरिका की धरती पर लहराया तिरंगा, प्रवासी भारतीयों ने मनाया 79वां स्वतंत्रता दिवस

अमेरिका/ऋषिकेश। भारत वर्ष के 79वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर अमेरिका की धरती पर भारत और अमेरिका के राष्ट्रध्वज गर्व के साथ फहराए गए। इस विशेष अवसर का नेतृत्व परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती और साध्वी भगवती सरस्वती ने किया। समारोह में अमेरिका में रह रहे अनेक भारतीय परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मातृभूमि के प्रति अपने प्रेम और स्वतंत्रता के उल्लास को व्यक्त किया।

ध्वजारोहण के दौरान भारतीय और अमेरिकी राष्ट्रध्वजों को फहराया गया, राष्ट्रगीत गाया गया और भारत माता के वीर सपूतों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से चलाए जा रहे “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत तिरंगे की शान को सलामी दी गई। इस अवसर पर प्रवासी भारतीयों ने विदेश में रहते हुए भी अपने दिल को स्वदेश के साथ धड़कता हुआ महसूस किया।

स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा, “हम जहां भी रहें, अपनी जन्मभूमि, मातृभूमि और कर्मभूमि तीनों के प्रति समर्पित रहें। संस्कृति, प्रकृति और संतति को साथ लेकर आगे बढ़ना ही सच्चा राष्ट्रधर्म है।” उन्होंने भारत और अमेरिका को विश्व शांति और मानवता के कल्याण के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

साध्वी भगवती सरस्वती ने कहा, “विदेश में रहकर भी भारतीय संस्कृति और तिरंगे का सम्मान करना ही सच्ची देशभक्ति है। तिरंगा केवल तीन रंगों का संयोजन नहीं, यह भारतीयों के साहस, बलिदान और एकता का प्रतीक है।” उन्होंने बच्चों और युवाओं से अपनी जड़ों और विरासत पर गर्व करने और जिस देश में रह रहे हैं, उसकी प्रगति में योगदान देने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों, तिरंगे की लहराती छटा और ‘भारत माता की जय’ के जयकारों से माहौल भावविभोर हो उठा। उपस्थित प्रवासी भारतीयों ने भारत और अमेरिका के बीच मित्रता व सांस्कृतिक आदान-प्रदान को और मजबूत करने की कामना की।

इस आयोजन में श्री नरेश भाई, मनीषा पटेल, प्रविण भाई, रेखा बेन, श्री मोहन पारा, श्री गौतम भाई सहित कई प्रवासी भारतीय परिवारों ने देशप्रेम से ओतप्रोत होकर भाग लिया और भारत की माटी को नमन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *