यमकेश्वर: ऋषिकेश नीलकंठ मार्ग पटना वाटरफॉल के पास ईंटों से भरा ट्रक गंगा में समाया, दो लापता
यमकेश्वर (पौड़ी गढ़वाल) – पटना वाटरफॉल के नजदीक बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, सुबह लगभग 6 बजे एक ईंटों से भरा ट्रक लंढौरा से घटतीगढ़ की ओर जा रहा था। ट्रक को सड़क किनारे पंचर ठीक करने के लिए खड़ा किया गया था, तभी अचानक पहाड़ी का हिस्सा टूटकर सड़क पर गिर पड़ा। मलबे की चपेट में आकर ट्रक सहित दो व्यक्ति गंगा नदी में समा गए, जबकि तीन लोग घायल हो गए।

घटना में घायल दो मजदूरों का उपचार लक्ष्मणझूला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। हादसे के दौरान दो श्रमिकों और एक अन्य व्यक्ति ने भागकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक और एक अन्य व्यक्ति लापता हैं।

घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई है। थानाध्यक्ष संतोष पैथवाल ने बताया कि मौके पर दो जेसीबी मशीनों से मलबा हटाने का काम जारी है, और SDRF लापता लोगों की तलाश कर रही है।
